वृंदावन (मथुरा)। पश्चिम बंगाल निवासी एक श्रद्धालु ने 48.56 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। वृंदावन निवासी एक साधुवेशधारी ने मकान दिलाने के बहाने उससे रकम हड़प ली। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
पश्चिम बंगाल के जिला हुंगली निवासी रथिंद्र कुंडू के अनुसार उनका ठाकुर बांकेबिहारी में आस्था होने के कारण अक्सर वृंदावन आनाजाना लगा रहता था। नवंबर 2010 में वृंदावन दर्शन के लिए आए थे तभी उसकी मुलाकात वृंदावन के पानीघाट निवासी साधुवेशधारी से हुई थी। जब रथिंद्र ने वृंदावन में घर बनाने की इच्छा प्रकट की तो उसने मकान दिलवाने का वादा करते हुए उससे कुछ रुपये देने की मांग की।
पश्चिम बंगाल की बड़ी कंपनी में इंजीनियर पद पर कार्यरत रथिंद्र ने 48 लाख 56 हजार रुपये साधुवेशधारी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। रथिंद्र के कई बार कहने के बाद भी उसने मकान नहीं दिलाया। रुपये लौटाने के नाम पर बहाने करता रहा। आरोप है कि एक सितंबर को जब वह पैसे लेने उसके घर गए तो उसे बंधक बना लिया और मारपीट की। कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।