राशन लेने के लिए दुकानों पर पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। शहरी क्षेत्र की 106 राशन की दुकानों पर मंगलवार से राशन वितरण शुरू हो गया। पहले दिन राशन लेने के लिए कार्डधारकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहरी क्षेत्र की 37 राशन दुकानों पर ई-पॉस मशीन और आधार कार्ड नंबर में छेड़छाड़ कर कोटेदारों ने राशन घोटाला किया है। घोटाले को रोकने के लिए शासन की ओर से ई-पॉस मशीन में डाटा अपडेट किया है। इस कारण महीने की पांच, सात और नौ तारीख को राशन वितरण नहीं हो सका। मंगलवार को ई-पॉस मशीनों में डाटा अपडेट होने के बाद राशन का वितरण कराया गया।
पहले दिन राशन लेने के लिए कोटेदारों के यहां कार्डधारकों की भीड़ लग गई। घोटाला करने वाले 17 कोटेदारों के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ ही उनके कोटे भी निरस्त किए गए हैं। जिन दुकानों को निलंबित किया गया है, उनको मोहल्ले की ही दूसरी दुकानों से अटैच किया गया है। मंगलवार को इन दिनों में अधिक भीड़ रही।
शासन स्तर से ई-पॉस मशीनों में डाटा अपडेट किया गया था। इस कारण निर्धारित तिथियों में राशन का वितरण नहीं हो सका। मंगलवार से राशन का वितरण शहरी क्षेत्र में शुरू हो गया है।
-दीपक जैन, पूर्ति निरीक्षक