फिरोजाबाद। मोहल्ला श्यामनगर गड्ढा में विषाक्त खाने से युवक की मौत हो गई। युवक के पिता का आरोप है कि उसे उसका दोस्त विषाक्त खिलाकर फरार हो गया। घटना के संबंध में थाना पुलिस को तहरीर देंगे।
ग्राम बैंदी निवासी रामनिवास शर्मा मोहल्ला करबला में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। रामनिवास कोल्डस्टोरेज में काम करते हैं। उनका इकलौता बेटा अंकित शर्मा(20) किसी कारखाने में दिलीप के साथ काम करने जाता था। रामनिवास ने बताया कि अंकित और दिलीप के बीच तीन साल से दोस्ती थी। दिलीप के घर आने का परिजनों ने विरोध किया तो रक्षाबंधन से 15 दिन पूर्व अंकित कमरा लेकर अलग रहने लगा था।
शुक्रवार को तड़के अंकित को दिलीप कमरे में छोड़कर फरार हो गया। रामनिवास को यह आशंका है दिलीप ने ही उसको विषाक्त दिया है। मृतक अंकित अपने पिता का इकलौता बेटा था। बहन ममता की शादी हो चुकी है। घटना के संबंध में अभी कोई पिता ने तहरीर नहीं दी है। इधर एसएचओ दक्षिण लोकेंद्र सिंह ने कहा कि करबला मोहल्ले में युवक की मौत विषाक्त खाने से हुई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।