फिरोजाबाद। लोडर टेंपो सीज करने से नाराज दर्जनों वाहन चालकों ने शनिवार को अपने वाहनों सहित एआरटीओ कार्यालय पहुंच कर धरना प्रदर्शन शुरू किया। वाहन चालकों में इस बात का रोष है इकि टीटी जोन में डीजल चलित लोडर वाहन नहीं चलेंगे। यह जानकारी न देकर सीधे कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने सोमवार से दोबारा धरना शुरू कराने की बात कही है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार टीटी जोन में डीजल चलित लोडर वाहन नहीं चलेंगे। इसी आधार पर डीजल चलित लोडर टैंपो सीज किए जा रहे हैं। विभाग ने दो दिन में तीन दर्जन से अधिक लोडर टेंपो सीज कर दिए। वाहन सीज करने से नाराज लोडर टेंपो चालकों ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा था।
शनिवार को कई चालक अपने वाहनों से पहुंचे और एआरटीओ कार्यालय में धरने पर बैठे। कार्रवाई से नाराज वाहन चालकों का कहना था कि जब टीटी जोन में डीजल चलित लोडर टेंपो नहीं चलेंगे। इसकी जानकारी उन्हें पहले क्यों नही दी गई। या फिर सीएनजी किट लगवाने के लिए उन्हें मोहलत क्यों नही दी गई। एआरटीओ नीतू सिंह ने चालकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आजीविका पर संकट आने से नाराज वाहन चालकों ने सोमवार से धरना प्रदर्शन करने की बात कही।