मथुरा। मुड़िया मेले में भीड़ के दबाव को देखते हुए पिछली साल हुए हेलीकॉप्टर परिक्रमा के ट्रायल के बाद अभी भी इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी नहीं मिल सकी है। फिलहाल इस बार भी यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल सकेगा। लखनऊ से आने वाली टीम के निरीक्षण के बाद ही इसके स्वीकृत होने की संभावना है।
पिछले साल गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान आठ व नौ जुलाई को मुख्यमंत्री के आदेश पर पवन हंस के हेलीकॉप्टर ने ट्रायल के तौर पर परिक्रमा कराई थी। डीएवी इंटर कालेज के मैदान पर अस्थायी हेलीपैड भी बनाया गया।
इस दौरान प्रत्येक यात्री से 2499 रुपये लेकर उन्हें सात कोस की परिक्रमा कराई गई। कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने स्वयं इसका निरीक्षण भी किया। पहले कहा गया था कि मुड़िया मेले के दौरान हर बार हेलीकाप्टर से परिक्रमा कराई जाएगी, लेकिन अभी यह प्रोजेक्ट फाइनल नहीं हो सका है।