एटा। गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं, ऐेसे में खेलकूद भी खूब चल रहे हैं। कुछ बच्चे नानी के यहां गए हैं। वहीं कुछ युवा अपने को मजबूत बनाने के लिए इन दिनों स्टेडियम में पसीना बहा रहे हैं। शहर के गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में इन दिनों युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। क्रिकेट के साथ-साथ युवाओं को मानसिक तौर पर मजबूत किया जा रहा है।
गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम का जब से हाल सुधरा है, तब से हालात बदलने लगे हैं। कुछ दशक पहले तक जिस स्टेडियम में युवा पहुंचते नहीं थे, अब वहां युवाओं की भीड़ लगी है। हाल ही सुंदरीकरण और खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के बाद युवाओं का रुझान बढ़ रहा है।
क्रिकेट के प्रशिक्षक और क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन के निर्देशन में हर सुबह और शाम को दो घंटे का कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें युवाओं को फुटबाल, क्रिकेट, कबड्डी और भारोत्तोलन की ट्रेनिंग दी जाती है। इस दौरान पहले युवाओं को ध्यान और योगा कराया जाता है और मानसिक टिप्स दिए जाते हैं।
क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन कहते हैं कि युवाओं को आकर्षित करने के लिए स्टेडियम में सुविधाओं में इजाफा किया गया है। मैदान के साथ जिम, बैडमिंटन कोर्ट, बालीवाल कोर्ट में सौंदर्यीकरण किया गया है। पूरे स्टेडियम में रंग-रोगन किया गया है। अब सुबह-शाम चहल पहल रहती है। 25 मई से टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है, जिसमें युवा खिलाड़ी जमकर भाग ले रहे हैं।
नए युवाओं की तादाद ज्यादा
स्टेडियम में इन दिनों पंजीकरण में इजाफा हो गया है। पिछले साल तक जहां 10 खिलाड़ी जुटाने में विभाग के पसीने छूटते थे। वहां अब तक क्रिकेट मेें 41, फुटबाल में 23, कबड्डी में 25 और भारोत्तोलन में 33 पंजीकरण हो चुके हैं। जिनमें नए युवाओं की तादाद अधिक है।