स्वास्थ्य विभाग ने लू (हीट वेव) से बचाव की सलाह दी है। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी ने रोकथाम की एडवाइजरी जारी की है। स्कूलों में इसकी जानकारी बच्चों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डा. लोकमन सिंह ने बताया कि किसी स्थान का तापमान लगातार तीन तक तीन डिग्री या पांच दिनों तक पांच डिग्री अधिक हो जाए तो वह क्षेत्र लू के प्रकोप में आ जाता है। इसके चलते शरीर की स्वाभाविक कार्य प्रणाली प्रभावित होती है। इससे मौत तक हो सकती है।
इन बातों का रखें ध्यान
1. ऐसे मौसम में अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए।
2. हल्के रंग के पसीना सोखने वाले कपड़े पहनें।
3. धूप में निकलने पर चश्मे, छाता, टोपी आदि का प्रयोग करें।
4. देर तक खुले में रहने पर सिर व चेहरा ढकें।
5. यात्रा करते समय हर जगह का पानी न पिएं, संभव हो तो पानी साथ रखें।
6. शरीर में पानी की मात्रा कम न हो इसके लिए ओआरएस, घर में बने लस्सी, नीबू पानी आदि पीते रहें।
7. घरों व कमरों को ठंडा रखने का प्रयास करें।
तापमान बढ़ते ही हवाएं भी गर्म हो जाती हैं। इस जानलेवा मौसम से बचाव जरूरी है। ऐसा मौसम बच्चों, बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए संवेदनशील हो जाता है।
---डॉ निर्मल कुमार जैन, फिजीशियन, पूर्व जिला अध्यक्ष आईएमए