अब प्रदेश के हर बड़े गांव में चौपाल लगाएगी सरकार
रात्रि प्रवास करके समस्याओं को सुनेंगे मंत्री, विधायक, अभी तक दलित बस्तियों में ही लगाई जा रही थी चौपाल
जून, जुलाई में बड़े स्तर पर कैंप लगाने की है तैयारी
पुनीत शर्मा
मथुरा।
दलित बस्तियों में आगामी पांच मई तक चौपाल लगाने वाली प्रदेश सरकार अब हर गांव में पहुंचेगी। सांसद, मंत्री और विधायक गांवों में रुककर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। जून और जुलाई में बड़े स्तर पर कैंप किए जाएंगे।
भाजपा सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती से सभी दलित बस्तियों में चौपाल लगाने का एलान किया था। तभी से प्रदेश भर में चौपाल लगाई जा रही हैं। मंत्री और विधायक इन बस्तियों में रात्रि प्रवास भी कर रहे हैं। प्रदेश सरकार को जो रिपोर्ट मिली है उसके मुताबिक गांवों में चौपाल लगने से लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ है। पब्लिक में अच्छा संदेश भी गया है। लिहाजा अब सरकार अपने इस कार्यक्रम को दूसरे चरण से फिर शुरू करने जा रही है। अब सभी बड़ी ग्राम पंचायतों में मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ संगठन के बड़े पदाधिकारी भी पहुंचेंगे। प्रभारी मंत्री भी अपने जनपदों के गांवों में चौपाल लगाएंगे। किसी एक बड़ी ग्राम पंचायत का चयन करके वहां आसपास के गांवों के लोगों को भी बुला लिया जाएगा।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बताया कि चौपाल कार्यक्रम की लोगों ने तारीफ की है। संगठन के पदाधिकारियों ने जो रिपोर्ट दी है उसके मुताबिक लोग खुश हैं। लिहाजा सरकार ने इस चौपाल कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
कई विधायक तो शाम ढले लौट आए थे घर को
मथुरा। प्रदेश सरकार को सूचना मिली कि प्रदेश में कुछ विधायक गांव में रात्रि विश्राम के लिए गए और शाम ढले ही अपने घर को वापस आ गए थे। सरकार को इस प्रकार की जानकारी मिली तो आदेश दिया गया कि विधायक को हर हाल में गांव में ही रुकना होगा। इस आदेश से माननीय बेचैन हैं। कुछ तो बाकायदा रात्रि प्रवास का फोटो खींचकर भी सरकार को भेज रहे हैं। कई जिलों में संगठन के बड़े पदाधिकारी भी गांव में जा नहीं रहे हैं। इस पर संगठन ने भी सख्ती शुरू कर दी है।