फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के गांवों की सूरत बदली जाएगी। गांवों में सड़कों का निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार, विद्युतीकरण, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ पेयजल के लिए हैंडपंप लगवाए जाएंगे। योजना के तहत प्रथम चरण में चार गांवों का चयन हुआ है।
गांवों को सभी सुविधाओं से संतृप्त करने के लिए सीएम योगी द्वारा मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना लागू की गई है। योजना के क्रियान्वयन के लिए शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा जनपद के गांवों का सर्वे कराया गया था। इसमें कुल 42 गांवों का चयन कर रिपोर्ट आयुक्त ग्राम विकास को भेजी गई थी। योजना के तहत प्रथम चरण में जिले के चार राजस्व ग्रामों को चिह्नांकित कार्यक्रम के तहत संपूर्ण कराए जाने का निर्णय लिया है।
इसमें ब्लाक एका के गांव निनावली, मदनपुर ब्लाक में बछेला-बछेली, हाथबंत ब्लाक में लालई तथा टूंडला ब्लाक में अनवारा गांव का चयन किया गया है। इन चारों राजस्व गांवों के साथ उनके मजरे, पुरवों को भी निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत संतृप्त किया जाएगा। जिला ग्राम विकास अभिकरण की परियोजना निदेशक विनीता श्रीवास्तव ने बताया है कि मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के तहत 24 कार्यक्रमों के अंतर्गत चयनित गांवों का संतृप्त किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर उक्त गांवों को संतृप्त करने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, वृक्षारोपण, तालाबों का जीर्णोद्धार, मनरेगा, संपर्क मार्ग निर्माण, ग्रामीण विद्युतीकरण, आवासहीन को आवास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आंतरिक पक्की गलियों व नालियों का निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छ पेयजल हैंडपंप के माध्यम से जलापूर्ति, वृद्धावस्था, किसान पेंशन वितरण, कौशल विकास कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मृदा स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण, प्रमाणित बीज वितरण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना, राष्ट्रीय साक्षरता मिशन, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना, डेयरी प्रसंस्करण, पति की मृत्यु पर निराश्रित महिलाओं को पेंशन, दिव्यांगों को पेंशन, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, शहीद सैनिकों के ग्रामों में तोरण द्वार व मूर्ति स्थापित कराई जाएंगी।