दो बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस ने कई और लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। कई अन्य संदिग्धों की तलाश भी पुलिस कर रही है। पुलिस ने बच्चों के लापता होने पर दर्ज किए अपहरण के मामले में शव बरामद होने के बाद हत्या की धारा एवं साक्ष्य विलोपन की धारा बढ़ा दी है।
गंजडुंडवारा के बहोरनपुर गांव में दो चचेरे भाई अमित पुत्र रामपाल सिंह, सचिन पुत्र बाबूराम का रविवार दोपहर के समय अपहरण हो गया था। अपहरणकर्ताओं ने अपहरण के बाद इन बच्चों की हत्या करके ढकरई गांव में उदयवीर के घेर के घूरे में हत्या करके डाल दिया था। अपहरणकर्ताओं द्वारा भेजे गए पर्चे की निशानदेही पर सोमवार देररात अमित और सचिन के शव घूरे पर मिले थे। पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था। बच्चों के शव मिल जाने के बाद थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा 302 एवं साक्ष्य विलोपन की धारा 201 को और बढ़ा दी है।
गंजडुंडवारा पुलिस ने अब तक 15 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गंजडुंडवारा के कोतवाली निरीक्षक लक्ष्मण सिंह वर्मा ने बताया कि गांव जाकर बच्चों के परिवारीजनों से बातचीत की गई है। अन्य ग्रामीणों से भी बातचीत की है, जिससे कोई सुराग मिल सके।
पुलिस कोशिश क रही है : डीआईजी
कासगंज। डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बहोरनपुर गांव के दो बच्चों के हत्यारे शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस की टीमें इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है। ढकरई गांव की रंजिश के मामलों की भी पड़ताल हो रही है। उन्होंने कहा कि कुछ संदिग्धों की पुलिस तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।