फिरोजाबाद। वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में मनरेगा एवं पीएम आवास योजना से जुडे़ कार्य गति पकड़ रहे हैं। जिले में निर्धारित 3410 पीएम आवासों सापेक्ष 578 आवासों का निर्माण शेष रह गया है। मानव दिवस सृजन के मामले में विभाग ने लगभग पचास प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है।
वित्तीय वर्ष 2016-17 और 2017-18 के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 3410 आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित है। जनवरी तक जिले में 3410 आवासों के सापेक्ष महज 613 आवास का निर्माण पूरा हुआ था। वहीं मानव दिवस सृजन में जिले की स्थिति खराब थी। लेकिन वित्त वर्ष के अंतिम चरण में शासन स्तर पर सख्ती के चलते कार्यों ने गति पकड़ी है। ताजा स्थिति के अनुसार जिले के अरांव ब्लॉक में पीएम आवास के लिए निर्धारित लक्ष्य 293 के सापेक्ष केवल 28 आवास का निर्माण बचार है।
फिरोजाबाद में 341 के सापेक्ष 77 , जसराना में 295 के सापेक्ष 62, खैरगढ़ में 218 के सापेक्ष 18, मदनपुर में 346 के सापेक्ष 33, नारखी में 501 के सापेक्ष 78, शिकोहाबाद में 335 के सापेक्ष 35 और टूंडला में 297 के सापेक्ष 13 निर्माण बाकी हैं। कुल 578 पीएम आवासों का निर्माण पूरा होना बचा है। जिले में पीएम आवास योजना के तहत सबसे खराब स्थिति एका ब्लॉक में है।
इस ब्लाक में सबसे अधिक 784 आवास बनने थे, लेकिन ताजा स्थिति के अनुसार इस ब्लॉक में 547 आवासों का निर्माण पूरा हुआ है और 234 आवासों का निर्माण प्रगति पर है। वहीं पीएम आवास योजना के तहत 3410 आवासों के सापेक्ष तीन लाख 69 हजार मानव दिवस सृजित होने थे। इसके सापेक्ष अभी तक एक लाख 52 हजार मानव दिवस सृजित हुए हैं।