फिरोजाबाद/टूंडला। एजेंसी संचालक ने नए वाहन का पैसा लेकर पुराना वाहन देेने पर पीड़त ग्राहक ने एजेंसी संचालक समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई है।
एमपी रोड नई बस्ती रोज बिला निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह सेंगर रिपोर्ट में कहा कि उन्होंने कमलेश ऑटो व्हीकल्स प्राईवेट लिमिटेड लाइनपार, फिरोजाबाद से 27 अप्रैल 2017 को महेंद्रा जीटो लोडर वाहन खरीदा था। भुगतान के रूप में पांच हजार रुपये नकद और 2,49,000 रुपये एचडीएफसी बैंक टूंडला से फाइनेंस कराए। 40 हजार रुपये वाहन रजिस्ट्रेशन और बीमा कराने के दिए थे।
आरोप है कि एजेंसी संचालक अंकित अग्रवाल ने उन्हें पूर्व में बेचे गए वाहन को नया दर्शाकर दे दिया। इसकी जानकारी वाहन की सर्विस कराने पर हुई। बिल उनके नाम से नहीं बल्कि शशांक कुलश्रेष्ठ निवासी शिवपुरी कालोनी, एटारोड, टूंडला के नाम से बना था। पूछताछ करने पर संतोषजनक उत्तर नहीं दिया।
पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कमलेश ऑटो व्हीकल्स के संचालक अंकित अग्रवाल, सेल्स मैनेजर अजय चौहान, सहायक प्रबंधक आशीष, बीमा एजेंट न्यू कंपनी इंडिया रसिका शर्मा के विरुद्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।