एटा। कार की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। दूसरी तरफ जलेसर सकरौली मार्ग पर भी बेकाबू गाड़ी की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
थाना मिरहची क्षेत्र के गांव बुरेनाबाद निवासी गोलू (22) पुत्र चंद्रप्रकाश परिवार के ही आशीष पुत्र पुष्पेंद्र को स्नातक की परीक्षा दिलाकर बाइक पर घर लौट रहा था। वे दोनों बाइक थाना मिरहची क्षेत्र के नवीनगर चौराहे पर पहुंचे तभी कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वे दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों से खबर पाकर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां गोलू की मौत हो गई। आशीष का इलाज कराया जा रहा है। दुर्घटना से गोलू के परिवार में हाहाकार मच गया।
दूसरी घटना में, थाना जलेसर इलाके में सकरौली मार्ग पर पैदल जा रहे अज्ञात बुजुर्ग को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। बुजुर्ग को गहरी चोट पहुंची। कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने आसपास तमाम लोगों से पूछा लेकिन कोई शव की पहचान नहीं कर सका। ऐसे में जलेसर पुलिस ने शव को अज्ञात के तौर पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।