नौहझील (मथुरा)। बाइक और स्कूटी से स्कूल आओ तो हेलमेट के बिना मत आना। सीधा संदेश स्कूलों में छात्र-छात्राओं और स्टाफ को दिया जा रहा है। स्कूल संचालकों ने अमर उजाला के अभियान ‘पहने फिर चलें’ को लेकर सख्ती कर दी है। शुक्रवार को नौहझील के वेद प्रकाश पाठक पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को हेलमेट पहनकर स्कूल आने की शपथ दिलाई गई।
बिना हेलमेट के दौड़ रही बाइक और स्कूटी ने सड़क हादसों में हो इजाफा कर दिया है। आए दिन हो रहे सड़क दुर्घटनाओं में मौतों ने परिवारों को भी झकझोर कर रख दिया है। ऐसे सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए अमर उजाला ने ‘पहने फिर चलें’ अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया। इसका असर अब दिखने लगा है।
महानगर और देहात के स्कूलों में छात्र-छात्रा व स्टाफ के लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है। हेलमेट के बिना स्कूल न आने का भी स्पष्ट संदेश दे दिया गया है। बाइक और स्कूटी से स्कूल आने वाले छात्रों को वेद प्रकाश पाठक पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर शशि शर्मा ने हेलमेट पहनकर स्कूल आने की शपथ दिलाई।
प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह चंदेल ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने को जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाने वाले हेलमेट की महत्ता समझाई। इस मौके पर रविंद्र सिंह, प्रेमचंद पाठक, राहुल चौधरी, प्रदीप सिंह, भोला सारस्वत, एसपी त्रिपाठी मौजूद रहे।