फिरोजाबाद। परिवार को सेहतमंद बनाने के लिए महिलाएं चिकित्सकीय गुण सीखेंगी। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं और बीमारियों से बचाव के लिए ट्रेनिंग मिलेगी, ताकि महिलाएं अपने परिवार के साथ गली-मोहल्ले में अन्य लोगों को बीमारियों से बचने के उपाय बता सकें। साफ-सफाई के अलावा छोटी-छोटी समस्याएं दूर कराने में विभाग की भागीदार होंगी। इसके लिए एक आशा के साथ मिलकर 12-15 सदस्यों की समिति बनाई जा रही है।
गांवों की तर्ज पर अब शहर में उन स्थानों पर चिकित्सकीय सुविधाओं को बेहतर करने की कोशिश की जा रही है, जहां के लोग महिलाएं, बच्चे और अन्य अस्पताल तक पहुंच पाने में समक्ष नहीं है। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत शहरी क्षेत्र में महिला आरोग्य समिति का गठन होगा। समिति में आशा को सचिव रखा जाएगा, जबकि 500 घरों से करीब 15 महिलाओं को चुना जाएगा। इन महिलाओं में से एक महिला समिति की अध्यक्ष होगी।
समिति बस्ती में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी, जागरूकता कार्यक्रम, योजनाओं का लाभ बताएंगी। इसके लिए एनएचएम अधिकारी समिति को दो दिवसीय चिकित्सकीय प्रशिक्षण दिलाएंगे। ताकि महिलाएं परिवार के साथ आसपास के परिवारों को बीमारी से मुक्त रख सकें। अभीतक स्वास्थ्य विभाग 216 समितियों को गठन शहर में कर चुका है।
नियुक्त होने वाली समिति प्रतिमाह सभा कर मोहल्ले, बस्ती की जटिल समस्याओं पर चर्चा कर निर्णय लेने को आजाद होगी। समिति मोहल्ले में मच्छरों के लार्वा को मारने के लिए छिड़काव, गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के साथ टीकाकरण सहयोग करेगी।