फिरोजाबाद। नई दिल्ली की आईआरजी सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधियों ने लैंडफिल साइट की डीपीआर बनाने के लिए चनौरी में चिह्नित जमीन देखी। कंपनी द्वारा शहर का सर्वे करने के बाद नगर निगम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
नगर पालिका बोर्ड में कोटला रोड पर कुतकपुर चनौरा में प्रोसेसिंग प्लांट के लिए 5.26 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया था। नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद तत्कालीन डीएम विजय किरन आनंद की पहल पर किसान जमीन देने को तैयार हुए। किसानों द्वारा सहमति पत्र देने के बाद शासन द्वारा किसानों का मुआवजा राशि वितरित करने के लिए 10.72 करोड़ की धनराशि प्रदान की गई।
निगम चुनाव संपन्न होने के बाद सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की दिशा में अफसरों ने प्रयास तेज कर दिए हैं। चनौरा में चिह्नित जमीन पर लैंडफिल साइट बनाने के लिए ग्लोबल ई-टेंडर के जरिए बड़ी कंपनियों से डीपीआर मांगी गई थी। इसमें नई दिल्ली की आईआरजी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा नगर निगम को डीपीआर उपलब्ध करा दी गई थी।
नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार के निर्देश पर कंपनी प्रतिनिधियों को बुलाया गया। कंपनी प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को कुतकपुर चनौरा में चिह्नित जमीन का निरीक्षण कर देखा कि उपलब्ध जमीन पर लैंडफिल साइट का निर्माण हो सकता है अथवा नहीं। एक्सईएन एएसपी मिश्रा ने बताया कि कंपनी द्वारा जमीन का निरीक्षण किया जा चुका है। कंपनी द्वारा शहर का सर्वे कराया जाएगा, जिसमें यह देखा जाएगा प्रतिदिन कितना कूड़ा निकलना है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर फाइनल डीपीआर तैयार की जाएगी।