कासगंज/पटियाली। पटियाली इलाके के तीन गांव में अलग-अलग हुए अग्रिकांडों में लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई। आधा दर्जन पालतू पशु मर गए। लोग दाने-दाने को परेशान हो गए। इन अग्निकांडों की चपेट में 26 कच्चे मकान आए। इनमें रखा घरेलू सामान, गल्ला, कपड़े, नकदी आदि जल गए। ग्रामीणों और दमकल विभाग ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया।
अग्निकांड की पहली घटना रविवार की देर सायं नगला शीशम गांव में हुई। जहां 10 कच्चे मकान जल गए। सबसे पहले राजवीर के घर से अचानक आग की लपटें देखीं। आग की लपटों ने तेज हवा के साथ राजवीर के पड़ोसी इंद्रपाल के घर को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की तेज लपटें आस पास के घरों को चपेट में लेती चली गईं। झोपड़ी में सो रहे आधा दर्जन कुत्तों के ऊपर जलता छप्पर गिर जाने के कारण जल गए।
अग्निकांड की चपेट में रामवीर, राजवीर, अजब सिंह, प्रकाश, सुखवीर, ओमप्रकाश, अवधेश के कच्चे मकान में रखा सभी घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे देर रात्रि पंप सेट चलाकर आग पर पानी डालकर काबू पाया। इंद्रपाल का इंजन पंप सेट जल गया। अजब सिंह की 5 हजार की नकदी, सुखवीर की आटे की चक्की जल गई। वहीं अवधेश की भैंस भी जल कर गंभीर घायल हो गई।
वहीं किलोनी गांव में भी रविवार की देर रात्रि आग लगने से दो कच्चे मकान जल गए। सबसे पहले आग श्रीपाल और भूरे के कच्चे मकान में लगी। आग की तेज लपटों से घर का सामान, गल्ला, कपड़े, बिस्तर, चारपाई सहित अन्य सभी सामान जल कर राख हो गया।