फिरोजाबाद। मतदान से पूर्व ही प्रशासन ने एक दिसंबर को होने वाली नगर निकाय की मतगणना की तैयारी प्रारंभ कर दी है। फिरोजाबाद नगर निगम के 70 वार्डों की गणना के लिए 35 टेबल लगेंगी। जिले की अन्य निकायों में दो वार्ड पर एक टेबल लगाने का फैसला लिया है। गणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 25 नवंबर को एमजी कालेज में होगा।
जिले की फिरोजाबाद नगर निगम, तीन पालिका व तीन नगर पंचायतों के 181 वार्डों की एक दिसंबर को होने वाली मतगणना की तैयारी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा के निर्देशन में विकास भवन में स्थित एनआईसी कक्ष में मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। सीडीओ अशोक कुमार, सहायक कार्मिक प्रभारी एसबी कटारा, श्रीकिशन शर्मा के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्मिक प्रभारी सीडीओ अशोक कुमार ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष 24 नवंबर के दिन ड्यूटीपत्र को प्राप्त करने के साथ तामील करा दें। इन्हें तामील कराने की प्रति 24 की शाम तक विकास भवन में ही जमा करानी होगी। सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा ने बताया कि 93 गणना टेबलों को लगाया जाएगा। इसमें 752 कर्मचारियों व अधिकारियों को तैनात किया जा रहा है। इनका प्रशिक्षण 25 नवंबर को एमजी कालेज में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होकर एक बजे तथा दूसरी पाली का प्रशिक्षण डेढ़ बजे से चार बजे तक होगा।