फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव के लिए बूथ और मतदान केंद्र को फाइनल किए जाने की कवायद आयोग ने पहले से पूरी कर ली है। आयोग के निर्देश पर जिले में 71 बूथ और 21 मतदान केंद्रों की बढ़ोतरी हुई है। सर्वाधिक बूथ और मतदान केंद्र जसराना विधानसभा में बढ़े हैं। अब पांच विधानसभा में 1255 मतदान केंद्र एवं 1939 बूथ हो गए हैं। आयोग ने भी हरी झंडी प्रदान कर दी।
भारत निर्वाचन आयोग ने 2019 में होने वाले लोकसभा के चुनाव के लिए विधानसभा में हर बूथ पर 1400 से अधिक वोटर नहीं होने चाहिए इसके तहत पिछले काफी दिनों से ही मंथन किया जा रहा था। जिले की पांच तहसीलों में तैनात एसडीएम, तहसीलदार एवं बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर ही बूथों को बढ़ाने का फैसला लिया था। पांच विधानसभा में बूथ और मतदान केंद्र फाइनल करने से पूर्व राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ मंथन किया।
जसराना क्षेत्र में तो सर्वाधिक 16 मतदान केंद्र और 24 बूथों की बढ़ोतरी की गई है। टूंडला में कोई मतदान केंद्र नहीं बढ़ाया गया, लेकिन फिरोजाबाद एवं शिकोहाबाद में दो-दो व सिरसागंज में एक मतदान केंद्र की बढ़ोतरी हुई है। बूथ शिकोहाबाद क्षेत्र में ही सबसे कम मात्र चार बूथ बढ़ाए गए हैं। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने बूथों को फाइनल करके ही आयोग को रिपोर्ट भेज दी है।