आगरा। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अंतर महाविद्यालयीय खेलकूद महाविद्यालय रुचि कम दिखा रहे हैं। खेलकूद प्रतियोगिताआें में बहुत कम महाविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इन टीमों के साथ भी कोच और प्रबंधक नहीं पहुंच रहे हैं।
अंतर महाविद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिताआें में खिलाड़ियों के साथ टीम प्रबंधक और कोच का पहुंचना अनिवार्य है। खिलाड़ी के आवागमन से लेकर खेलने तक की जिम्मेदारी कोच और प्रबंधक की होती है। खेलाें के प्रति महाविद्यालयों की उदासीनता के कारण खिलाड़ियों के जिम्मेदार लोगों को नहीं भेजा रहा है।
विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद एके चतुर्वेदी का कहना है कि अब तक हुई कई प्रतियोगिताओं में कई टीमें कोच और टीम प्रबंधक के बिना पहुंचीं। आगे की प्रतियोगिताआें में बिना इनके टीमों का प्रतिभाग नहीं कराया जाएगा। इस संबंध में उच्च अधिकारियाें से वार्ता भी की जाएगी। अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में कम महाविद्यालयाें की टीमें हिस्सा ले रही हैं।