कासगंज। आठ जानलेवा बीमारियों से नौनिहालों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। टीकाकरण से वंचित बच्चों को पूर्ण प्रतिरक्षित करने के लिए मिशन इंद्रधनुष शुरू किया जा रहा है। अभियान के लिए विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
स्वास्थ्य विभाग बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण अभियान चलाता है। जनपद में दो वर्ष तक के 51941 नौनिहालों में से अभियान के तहत 22267 बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गए थे। वहीं 9501 गर्भवती महिलाएं भी टीकाकरण से वंचित रह गई। इन सभी को पूर्ण प्रतिरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग रविवार से एक बार फिर मिशन इंद्रधनुष शुरू करने जा रहा है। अभियान 17 अक्तूबर तक चलेगा। अभियान के तहत विभाग की टीम घर-घर जाकर बच्चों का टीकाकरण करेगी। अभियान के लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है। जनपद को सात सेक्टर में बांटकर सेक्टर सुपरवाइजर तैनात किए हैं। अभियान के तहत 60 सुपरवाइजर तैनात किए गए है। 12 विभागों के कर्मी अभियान में सहयोग करेंगे। 171 एएनएम टीकाकरण में लगाई गई हैं।
टीकाकरण के बाद लगेगा स्टीकर
कासगंज। मिशन इंद्र धनुष के तहत टीकाकरण के लिए बच्चों के परिवारों के पास एक पर्ची पहुंचाई जाएगी। इस पर टीकाकरण के स्थान के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसी क्रम में घर पर एक स्टीकर लगाया जाएगा। इस स्टीकर पर टीकाकरण का पूरा चक्र अंकित होगा। इससे बच्चे के परिवरीजन चक्र के आधार पर टीकाकरण करा सकेंगे। इसके साथ ही स्टीकर के माध्यम से टीकाकरण अभियान पर भी नजर रखी जा सकेगी।
इन जानलेवा बीमारियों से बचाएंगे टीके
टीकाकरण से बच्चे टीवी, पोलियो, खसरा, टिटनेस, पीलिया, काली खांसी, गलघोंटू, निमोनिया आठ जानलेवा बीमारियाें से बच्चों का बचाव हो सकेगा।
टीकाकरण जागरूकता के लिए निकाली रैली
कासगंज। मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत बच्चों के टीकाकरण के प्रति जनजागरूकता के लिए पालिका परिषद कासगंज परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सीडीओ श्रीनिवास मिश्र और सीएमओ डा. रंगजी द्विवेदी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में डा. एसपी सिंह, डा. वीके राजपूत, यूनीसेफ के डा. सफदर अली खां आदि मौजूद रहे।
मिशन इंद्रधनुष के तहत नौनिहालों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। विभाग अभियान पर पूरी नजर रखेगा, जिससे कोई बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
बीके राजपूत, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
संविदा एएनएम कार्यक्रम में करें सहयोग: डीएम
कासगंज। डीएम आरपी सिंह ने कहा कि आठ अक्तूबर 2017 से जनपद कासगंज में सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम में नियमित संविदा एएनएम की महत्वपूर्ण भूमिका है। इंद्रधनुष कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा संचालित अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। अत: समस्त नियमित संविदा एएनएम से अपील है कि यदि वे कार्य बहिष्कार पर हैं तो तत्काल वापस आ जाएं अन्यथा संविदा की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए संविदा निरस्त कर दी जाएगी।