एटा। अब कंट्रोल रूम के माध्यम से धान खरीद पर नजर रखी जाएगी। किसानों को धान खरीद के प्रति जागरूक करने के लिए विपणन विभाग सक्रिय हो चुका है। जिले में किसानों की सुविधा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं विभाग लक्ष्य के मुताबिक धान खरीद में रिकार्ड कायम करने की तैयारी में है।
जिले में 25 सितंबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। विभाग ने जिले में 11 केंद्रों के माध्यम से धान की खरीद करने की तैयारी की है। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं को देखते हुए कंट्रोल रूम बनाया गया है। विभाग के फोन नंबर 05742-238735 पर फोन कर सुबह नौ से छह बजे के बीच किसान अपनी समस्या और शिकायतें बता सकेंगे। केंद्र प्रभारी भी खरीद की पूरी रिपोर्ट कंट्रोल रूम पर देंगे।
कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों को 48 घंटे में निपटारा कराया जाएगा। वहीं विभाग को धान खरीद के लिए इस बार 6140 एमटी का लक्ष्य मिला है। खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा ने बताया कि किसानों को परेशानी से बचाने के लिए कंट्रोल रूम की शुरुआत की गई है। किसान सुबह नौ से छह बजे तक शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। टोल फ्री नंबर 18001800150 पर भी शिकायत की जा सकती है।