कुरावली। थाना क्षेत्र के गांव नौगांव में शनिवार रात खेत पर गए युवक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। रविवार सुबह खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने शव पड़ा होने की सूचना परिवारीजनों को दी।
थाना कुरावली क्षेत्र के गांव नौगांव निवासी ब्रजभूषण सिंह (37) मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। शनिवार शाम को वह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकल गया। रात को पड़ोसी के खेत पर खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने सोचा कि वह किसी आस पड़ोस के गांव में रुक गया होगा।
रविवार तड़के जब कुछ ग्रामीण खेत की तरफ गए तो वहां ब्रजभूषण का शव पड़ा हुआ था। जानकारी मिलने के बाद मृतक घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।