एटा। बकाएदारों के विरुद्ध विद्युत निगम का छापामार और वसूली अभियान तेज हो गया है। शहरी खंड में सोमवार को 11 प्राथमिकी के साथ 64 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। एक सप्ताह में अब तक 42 प्राथमिकी के साथ 242 बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाने से हड़कंप मच गया है।
शहरी खंड के नवागत अधिशासी अभियंता जगतराम के निर्देश पर बकाएदारों एवं विद्युत चोरों के विरुद्ध अभियान चल रहा है। एसडीओ के नेतृत्व में अभियान के दौरान राजस्व वसूली के साथ विद्युत चोरों पर शिकंजा कसा जा रहा है। सोमवार को एसडीओ प्रथम योगेश कुमार के नेतृत्व में रेलवे रोड एवं ठंडी सड़क पर पांच विद्युत चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर 10.80 लाख रुपए के 26 बकायादारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। वहीं एसडीओ द्वितीय विजय शंकर ने बताया कि सोमवार को छह विद्युत चोरों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ 11 लाख से अधिक के 38 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। एक सप्ताह में शहरी खंड में 42 प्राथमिकी के अलावा 242 कनेक्श्न काटे जा चुके हैं।
-----------
लाइन लॉस घटाने एवं राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए विद्युत चोरों एवं बकाएदारों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। अभियान के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।
---जगत राम, अधिशासी अभियंता, शहरी खंड