टूंडला। शुक्रवार दोपहर जिलाधिकारी के आदेश पर फिरोजाबाद हाइवे स्थित राजस्थान पेट्रोल टीम ने छापेमारी की। विविध विभागों की टीम ने करीब दो घंटे तक पड़ताल की, लेकिन जांच में सब कुछ ठीक ठाक मिला।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा को एक बाइक सवार ने फिरोजाबाद हाइवे स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप पर घटतौली की शिकायत की थी। शिकायत पर पूर्ति विभाग ने जांच की थी। इसके बाद भी पेट्रोल पंप पर घटतौली की शिकायतें मिल रहीं थीं। इसको लेकर जिलाधिकारी ने एक बार फिर टीम गठित कर जांच के आदेश दिए थे।
शुक्रवार दोपहर बाद तीन बजे के करीब इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के सेल्स अधिकारी सोन प्रताप सिंह, मिडको कंपनी के इंजीनियर पीतम सिंह, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान विजय कुमार ने छापेमारी की। जांच टीम ने पेट्रोल माप लीटर में निकवाने के बाद मशीन खुलवा कर चिप खोजने की कोशिश की और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि करीब दो घंटे तक हुई जांच में सब कुछ ठीकठाक मिला।