मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का शव उसके घर में कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवारीजन मामूली कहासुनी के बाद आत्महत्या का कदम उठाने की बात कह रहे हैं। पुलिस घर वालों की बात पर संदेह जता रही है।
बताए अनुसार थाना भोगांव क्षेत्र के एक गांव 16 वर्षीय किशोरी ने शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कमरे में पंखे के कुंडे में दुपट्टा का फंदा डालकर फांसी लगा दी। परिवारीजनों ने उसे देखा तो आनन-फानन में उसे उतारा और अस्पताल के लिए लेकर दौड़े। किशोरी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिवारीजनों का कहना है मामूली से डांट से क्षुब्ध होकर बेटी ने यह कदम उठाया है। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को जब किशोरी घर में नहा रही थी तब एक युवक उसे देख रहा था। परिवारीजनों ने उसे देखा तो पकड़कर पिटाई पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। इसी मामले में घरवालों ने किशोरी को भी डांट लगाई थी। इसके बाद ही किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।