आगरा। सिटी स्टेशन रोड पर शुक्रवार को एसएन मेडिकल कालेज की डाक्टर की कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी कर लिया गया। डाक्टर ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है।
ट्रांस यमुना कालोनी निवासी डाक्टर आकांक्षा गुप्ता एसएन मेडिकल कालेज के गायनिक विभाग में हैं। वह शुक्रवार को दोपहर एक बजे कार से सिटी स्टेशन रोड पर आई थीं। उन्होंने कार को एक दुकान के बाहर खड़ा कर दिया। इसके बाद काम से चली गईं।
कुछ देर बाद लौटीं तो कार की अगली सीट के बायीं तरफ का शीशा टूटा हुआ था। सीट पर रखा बैग चोरी कर लिया गया। बैग में मोबाइल, रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, एसएन का आईडी कार्ड, पैन ड्राइव और जरूरी कागजात थे।
आटो गैंग ने उड़ाया मोबाइल
सिकंदरा-बोदला रोड पर आटो गैंग ने छात्र का मोबाइल चोरी कर लिया। शास्त्रीपुरम निवासी शुभांकित 27 जुलाई को कोचिंग से लौट रहा था। सेक्टर पांच से एक आटो में बैठ गया। आटो में पिछली सीट पर तीन लोग और सवार थे। ईंट की मंडी पर तीनों लोग उतर गए। तभी शुभांकित ने अपना मोबाइल चेक किया तो वह चोरी हो चुका था। उसने आटो रुकवाया। चालक शुभांकित को उतारकर भाग गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।