आगरा। बीपीएल कार्ड धारकों को निशुल्क बिजली कनेक्शन देने के अभियान में पहले दिन कानपुर मंडल ने बाजी मार ली। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के पांच मंडलों में सबसे अधिक कनेक्शन यहीं हुए। आगरा मंडल में 2734 और आगरा जिले में 1200 बीपीएल कार्ड धारकों ने बिजली कनेक्शन लिए।
प्रदेश सरकार द्वारा बिजली कनेक्शन के लिए लोगों को मौका दिया जा रहा है। बीपीएल कार्ड धारकों को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसके तहत रविवार को डीवीवीएनएल ने अपने पांच मंडलों में विभिन्न स्थानों पर कैंप आयोजित किए।
इस दौरान आगरा मंडल में बीपीएल और एपीएल मिलाकर कुल 3390, अलीगढ़ में 2861, कानपुर में 5974, झांसी में 2998 और बांदा मंडल में 1770 बिजली कनेक्शन हुए। वहीं, पांचों मंडलों में कुल 12352 एलईडी बल्ब और 945 एलईडी ट्यूबलाइट की बिक्री हुई। इसमें आगरा में 2236 एलईडी बल्ब और 68 एलईडी ट्यूबलाइट बिके।