मैनपुरी। कुर्रा के नगला मचे में 19 फरवरी को पुलिस पर हुए हमले के मुकदमे में वर्तमान एसओ ने चार्जशीट दाखिल करने में ही खेल कर दिया। उन्होंने पूर्व एसओ द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट से जानलेवा हमले की धारा ही हटा दी। यही नहीं चार्जशीट सीओ कार्यालय भी भेज दी। पीड़ित के शिकायत करने पर एसपी राजेश एस ने मामले की जांच एएसपी ओपी सिंह को सौंपी है। एसपी का कहना है कि आरोप सही मिलते हैं तो एसओ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि चुनाव के दौरान इसी वर्ष 19 फरवरी को मतदान के दिन कुर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मचे में पोलिंग बूथ के पास पुलिस पर हमला हुआ था। तत्कालीन थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र पांडेय ने इस मामले में पंकज उर्फ मुख्तियार, लालू, विपिन, विजेंद्र, ऋषि, असित और 15 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सुभाषचंद्र पांडेय का स्थानांतरण होने के बाद जांच कुर्रा थानाध्यक्ष देवेश शर्मा को मिली। यहीं से खेल शुरू हो गया। वर्तमान एसओ ने कुर्रा थानाध्यक्ष ने मुकदमे में लगाई गई धारा 307 को हटाकर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार की और सीओ कार्यालय परीक्षण के लिए भेज दी।
उक्त मामले की शिकायत गांव के ही उमेश यादव ने तब एसपी से की थी। अब आरोपी उसे आए दिन धमका रहे हैं। इसके चलते उमेश यादव गांव छोड़ने को मजबूर हो गया है। वह गांव छोड़ चुका है। एसपी राजेश एस का कहना है कि शिकायत के बाद मामले की जांच एएसपी ओपी सिंह को सौंपी गई है। यदि आरोप सही मिलते हैं तो एसओ को खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।