एसआईआर में 2 दिन शेष, 99 फीसदी बीएलओ ने किया शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन दो बीएलओ का काम अधूरा, सूची पढ़ने के लिए दौड़े अफसर
बाह। विधानसभा क्षेत्र बाह में 361 बूथ हैं, एसआईआर में 2 दिन बचे हैं। समय से पहले ही 359 बीएलओ ने अपना शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का काम पूरा किया है। 99 फीसदी बीएलओ ने दो दिन पहले ही काम का निपटान कर दिया है, महज दो बीएलओ का काम अधूरा है।
विधानसभा क्षेत्र बाह की निर्वाचक नामावली में 3,39,350 मतदाता हैं, जिनमें से 2,78,370 मतदाता डिजिटाइज हो गए हैं। 60,283 ऐसे मतदाता हैं, जो मिले नहीं हैं। लापता मतदाता बीएलओ के लिए कठिन चुनौती बने हुए हैं। अपने क्षेत्र की गलियां और हर घर खंगालने के बाद भी गणना प्रपत्र संकलन में अनुपस्थित रहे हैं। आने वाले दिनों में उनकी जानकारी जुटाना मुश्किल भरा होगा। बाह के एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि बीएलओ द्वारा तैयार की गई मृतक, शिफ्टेड, डुप्लीकेट (सूची में एक से अधिक जगह नाम) और लापता मतदाताओं की सूची बूथ पर चस्पा कर दी गई हैं। राजनीतिक दलों के बीएलए से पड़ताल कर वंचित का गणना प्रपत्र भरवाने का आह्वान किया गया है। जिससे कोई नाम मतदाता सूची से छूटे नहीं। तहसीलदार बाह संपूर्ण कुलश्रेष्ठ बीएलओ का अधूरा काम पूरा कराने के लिए दिनभर दौड़े। जन सामान्य से सहयोग का आह्वान किया। इतना ही नहीं उन्होंने कलींजर और जरार के बूथ पर पहुंचकर बीएलओ की ओर से तैयार की सूची ग्रामीणों और बीएलए की मौजूदगी में पढ़ी। उनसे तस्दीक भी कराई, ताकि किसी भी वोटर का नाम छूटे नहीं। संवाद