कासगंज। सहावर क्षेत्र में चांड़ी पुल के पास ऑटो और बाइक में भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दो गंभीर घायलों को रेफर किया है।
सहावर मार्ग पर चांडी पुल के पास रविवार की सुबह ऑटो और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार जनपद अलीगढ़ थाना गंभीरी के गांव मनेना निवासी अर्जुन, आशीष और विनीत सुबह 10 बजे गांव भीकनपुर से अपने घर लौट रहा था। चांडी पुल के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई।
इसमें बाइक सवार अर्जुन (17) पुत्र दिवारी लाल, आशीष (18) पुत्र श्रीपाल, विनीत (12) पुत्र सत्यप्रकाश और चकइया बिलराम गेट निवासी ऑटो सवार खलील अहमद पुत्र नईम खां और उनकी पत्नी साइनां और इमरान उर्फ मुन्ना (35) पुत्र मुस्तफा घायल हाे गए। ऑटो सवार कासगंज से गंजडुंडवारा जा रहे थे।
राहगीर व आस-पास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खलील अहमद और विनीत की हालत को गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि सड़क हादसे में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।