प्रदेश के साथ इस बार आगरा भी पौधरोपण में रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। जिले के 80 स्थानों पर एक ही दिन में 6.70 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसमें अधिकांश स्थान देहात क्षेत्र के हैं। सबसे ज्यादा फतेहाबाद और पिनाहट ब्लाक में पौधे लगाए जाएंगे। इसकी तिथि घोषित कर अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है।
प्रदेश सरकार द्वारा 18 जुलाई को पांच करोड़ पौधे रोपकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है। पहले यह पौधरोपण 11 जुलाई को प्रस्तावित था लेकिन इस दिन भड़रिया नवमी (अबूझ सहालग) है। ऐसे में लेबर मिलना मुश्किल होगा। इतनी संख्या में सिर्फ वन विभाग के ही कर्मचारी पौधे नहीं रोप सकते। इसलिए तिथि बदल दी गई। स्थानीय वन विभाग अधिकारियों को सोमवार को ही इसकी सूचना प्राप्त हुई है। जिले के 08 ब्लाकों में 80 स्थानों पर पौधे रोपने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
आगरा-शमसाबाद रोड के किनारे सात हजार पौधे रोपने की तैयारी है। अछनेरा ब्लॉक के रुनकता, खंदौली के नराइच और खेरागढ़ के चीत में सबसे ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे, लेकिन इनकी संख्या अभी निर्धारित नहीं है।
पर्यावरण को सुधारने की कवायद
बता दें कि पिछले दिनों केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी इंडेक्स के अनुसार, अपने जिले में प्रदूषण का ग्राफ काफी बढ़ा हुआ पाया गया था। प्रदेश के तमाम शहरों के अलावा दिल्ली से भी अधिक वायु प्रदूषण था। वह भी तब, जबकि ताजमहल की वजह से फाउंड्री उद्योग बंद करके प्रदूषण की रोकथाम के लिए तमाम उपाय किए गए हैं। इसके बावजूद चुनौती कम नहीं हुई। ऐसे में इतनी तादाद में पौधरोपण से प्रदूषण में धीरे-धीरे कुछ कमी आएगी।
ब्लाक स्थानों की संख्या
शमसाबाद 05
फतेहाबाद 21
पिनाहट 21
बाह 17
जैतपुर 13
खेरागढ़ 01
खंदौली 01
अछनेरा 01
सरकार ने पौध रोपण की तिथि घोषित कर दी है। अब 18 जुलाई को जिले में पौध रोपण होगा। स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। रिकॉर्ड पौध रोपण होगा।
केके सिंह, डीएफओ