फिरोजाबाद जिले के थाना जसराना क्षेत्र में धारदार हथियार से किसान की हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह खून से लथपथ किसान का शव खेत में चारपाई पर पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
थाना जसराना के गांव खडीत निवासी यादाराम सिंह (59) पुत्र जाहर सिंह रविवार शाम अपने खेत में पानी लगाने गए थे। पानी लगाने के बाद खेत किनारे खड़े नीम के पेड़ के नीचे चारपाई पर सो गए। सुबह खेतों की तरफ गए लोगों ने उनका रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा देखा। किसान की हत्या की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, सीओ कमलेश कुमार, कोतवाल जितेंद्र कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। मृतक के भतीजे रामनिवास पुत्र उदयवीर ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।