आगरा। सैंया के गढ़सान गांव निवासी अंकित शर्मा ने एकता थाने में तहरीर देकर 55 हजार रुपये वसूली करने की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंकित ने पुलिस को बताया कि दूध विक्रय का काम करने के दौरान क्षेत्र में घूम रही निराश्रित गाय को उन्होंने 18 मई को अपने घर में आश्रय दे दिया। उसी शाम अनजान नंबर से महिला की कॉल आई। महिला ने दो लीटर दूध रोज लेने की बोलकर अपना पता नोट कराया। अगले दिन वह महिला के बताए पते पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद 10-11 युवकों ने उन्हें पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि वे गोरक्षक दल के हैं। एक मकान में बंधक बनाकर कसाइयों को गाय बेचने का आरोप लगाया। पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर घरवालों को बुलवाकर 55 हजार रुपये लेकर छोड़ा। बाद में पता चला कि आरोपी गोरक्षक दल के नहीं हैं। क्षेत्र में इसी तरह लोगों को जल में फंसाकर वसूली करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।