मांट में गठबंधन के उम्मीदवार बने संजय लाठर
मांट विधानसभा क्षेत्र में अब सपा रालोद गठबंधन के एक मात्र उम्मीदवार संजय लाठर चुनाव मैदान में रह गए हैं। उनकी पत्नी बबीता ने रालोद उम्मीदवार के रूप में अपना नाम वापस ले लिया। इससे पहले नामांकन पत्रों की जांच में योगेश नौहवार का नामांकन पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी के सी पत्र के बाद निरस्त हो चुका था।
बता दें कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान ही मांट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों को लेकर विवाद छिड़ गया था। पहले रालोद से योगेश नौहवार थे। गठबंधन के तहत ही सपा की तरफ से संजय लाठर ने भी नामांकन कर दिया था। तब रालोद ने सी फार्म जारी करके बबीता को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। शुरू में योगेश भी चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोंक रहे थे लेकिन जब नामांकन निरस्त हुआ तो शांत हो गए। अब बबीता के नाम वापसी से गठबंधन प्रत्याशी संजय लाठर ही रह गए हैं।