वृंदावन (मथुरा)। रुक्मिणी विहार स्थित भागवत पीठ में सत्य सनातन सेवार्थ संस्थान के द्वारा 14वां फाग महोत्सव भागवत मनीषी वैष्णवाचार्य मारुतिनंदन वागीश महाराज के सानिध्य में मनाया गया। ठाकुर मदन गोपाल मंदिर में हुए आयोजन में भक्तों व संतों ने श्रीराधा-कृष्ण के स्वरूपों के साथ फूलों की होली का आनंद लिया।
डीग से आए दीपक ने हारमोनियम, कुशल सागर ने तबला, गोपाल ने कीबोर्ड व अशोक ने बैंजो पर संगत दी। वृंदावन के गायक ब्रजवासी ने अनेक मनोहरी प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बनाया। ब्रज के लोक कलाकारों ने बरसाना व नंदगांव की लठामार होली, मयूर नृत्य, डांडिया नृत्य आदि से सभी का मन मोहा।
मंगलाचरण आचार्य अच्युत कृष्ण एवं दीप प्रज्ज्वलन जगद्गुरु रामानुजाचार्य यशोदानंदन पीठाधीश्वर स्वामी चतुर्भुजाचार्य महाराज ने किया। संयोजक मारुतिनंदन वागीश महाराज ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान स्वामी आदित्यानंद महाराज, राजा बाबा, गोपाल चतुर्वेदी, डॉ. मनोज मोहन शास्त्री, राजू द्विवेदी, रमाकांत गोस्वामी, द्वारिकाप्रसाद आनंद, योगेश द्विवेदी, विजयकिशोर मिश्रा आदि मौजूद रहे।