मथुरा। यादव मार्केट स्थित वीरेंद्र मेडिकल एजेंसी पर नकली दवा बेचे जाने की सूचना पर कंपनी से आए अधिकारियों ने संचालक के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नोएडा की आयुर्वेदिक कंपनी के अधिकारी जितेंद्र कुमार निवासी सेक्टर आठ, नोएडा ने शुक्रवार को मथुरा पहुंचकर कोतवाली पुलिस से असली पौरुष जीवन दवा के स्थान पर नकली दवा बेचे जाने की शिकायत की। पुलिस शिकायत पर शुक्रवार शाम यादव मार्केट स्थित वीरेंद्र मेडिकल एजेंसी के संचालक संजय अग्रवाल पुत्र रमेश चंद अग्रवाल निवासी कृष्णापुरी को पकड़कर ले आई।
काफी देर पूछताछ के बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं सूचना पर औषधि निरीक्षक एके आनंद भी कोतवाली पहुंच गए। मामला आयुर्वेदिक से संबंधित था तो उन्होंने सैंपलिंग करने से इंकार कर दिया और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी अथवा यूनानी से सैंपलिंग कराने की सलाह दी। कोतवाल विकास तोमर ने बताया कि नकली दवा बेचे जाने की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।