मैनपुरी। स्वाट टीम और कुर्रा पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ने के लिए दबिश दी। इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही असलाह और पौने दो लाख की नकदी, नौ बाइक और 16 मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करे पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करहल थाना क्षेत्र में मीठेपुर चौकी क्षेत्र में पुराने भट्ठा के पास काफी समय से लाखों रुपये का जुआ होता आ रहा था। यह सब चौकी पुलिस के संरक्षण में चल रहा था। सूचना मिलने के बाद स्वाट टीम प्रभारी जोगेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष कुर्रा राजेश पाल सिंह ने पुलिस बल के साथ मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को आता देख जुआ खेल रहे कुछ लोगों ने अवैध असलाह से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए जुआ खेल रहे 18 लोगों को दबोच लिया। उनके कब्जे से करीब 1.62 लाख रुपये की नकदी, नौ बाइक, 16 मोबाइल, दो अवैध असलाह व कारतूस बरामद हुए। लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
चौकी इंचार्ज सहित चार लाइन हाजिर
मीठेपुर चौकी क्षेत्र में लाखों का जुआ पकड़े जाने के बाद एसपी अजय शंकर राय ने कड़ा रुख दिखाया है। चौकी पुलिस द्वारा संरक्षण दिए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल चौकी इंचार्ज मनमोहन सिंह, आरक्षी ब्रजमोहन, महेश और मुनीश को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
बिजेेंद्र सिंह निवासी गांव सिसहार थाना जसवंतनगर इटावा, रामनरेश उर्फ गुड्डन निवासी नगला कुम्हारन थाना करहल, बलवीर सिंह निवासी गांव खेड़ामहान थाना करहल, राजेश कुमार निवासी निवासी मीठेपुर, रामबाबू निवासी पूर्वी टोला जनपद इटावा, राजेंद्र सिंह निवासी नगला महासुख थाना नगला खंगर जनपद फिरोजाबाद, आदित्य कुमार निवासी गांव चमरौली थाना मक्खनपुर जनपद फिरोजाबाद, राजवीर सिंह निवासी नगला सुखे थाना सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद, सोहन कुमार निवासी खेड़ा मोहल्ला शिकोहाबाद, प्रवीन कुमार निवासी नगला हरी सिंह थाना नगला खंगर फिरोजाबाद, राजकुमार निवासी कठफोरी सिरसागंज फिरोजाबाद, राममोहन निवासी गांव हिमाऊ फिरोजाबाद, सतीश चंद्र निवासी नगला हीरा फिरोजाबाद, नीरज निवासी उतरई जनपद इटावा, अभिषेक और सुबोध कुमार निवासीगण चमरौली फिरोजाबाद, राम अवतार निवासी गांव कैस्थ जनपद इटावा और तुलाराम निवासी गांव वीलमपुर जनपद इटावा बताया। एएसपी के अनुसार पकड़े गए सभी लोगों ने जुआ को ही अपना पेशा बना लिया है।
ग्रामीणों ने खोद डाला खेत
जुआ खेल रहे लोगों ने पुलिस को देखकर रुपये फेंकने शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें भागने का मौका नहीं दिया। गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण रात में ही मौके पर पहुंचकर खेत में पड़े रुपये बीनने में जुट गए। रुपयों की तलाश में कुछ ग्रामीणों ने खेत खोद डाला। इससे दो बीघा में खड़ी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई।