सहावर। गोवंश की खाल एवं अवशेषों से भरा लोडर रविवार को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खाल एवं अवशेषों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। कारोबारी नेता सहित तीन आरोपियों के खिलाफ गोवंश अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
गंजडुंडवारा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर गाड़ी ने रविवार को बड़ा बाजार में प्यारेलाल को टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। लोगों ने गाड़ी के चालक आसिफ को पकड़ लिया लेेकिन गाड़ी में बैठे कारोबारी नेता के बेटे मोहम्म्द अली ने चालक को लोगों से छुड़ाकर भगा दिया और स्वयं भी भाग गया।
भीड़ ने लोडर गाड़ी तलाशी ली तो उसमें गोवंश की खाल और अन्य अवशेष भरे थे। मामले की सूचना पर पुलिस पुलिस पहुंच गई और लोडर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। घायल बुजुर्ग प्यारेलाल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अवशेषों और खाल की पशु चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई । इसके बाद बरामद अवशेषों को पुलिस ने नष्ट करा दिया। पशु चिकित्सक ने सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं।
घायल के पुत्र रामकुमार वार्ष्णेय एडवोकेट ने पुलिस को मामले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी रविंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कारोबारी नेता सलीम कुरैशी की गाड़ी से अवशेष और खाल ले जाए जा रहे थे। इसमें कारोबारी नेता, उनके पुत्र मोहम्मद अली एवं चालक के खिलाफ गोवंश अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।