करहल (मैनपुरी)। गांव केरावली में छोपमारी कर पुलिस ने अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया। साथ ही स्कार्पियो भी जब्त कर ली है। फैक्ट्री से शराब से भरे व खाली क्वाटर, पैकिंग मशीन आदि सामान बरामद हुआ। चार आरोपी भाग निकले।
थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव केरावली स्थित एक मकान में अवैध तरीके से शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही है। इस सूचना पर एसएसआई विजय सिंह चंदेल ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की। पुलिस को देख वहां मौजूद चार आरोपी भाग गए। जबकि पुलिस ने राजवीर निवासी गांव नेकापुर थाना दन्नाहार का गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने फैक्ट्री से 5040 क्वाटर गैर प्रांत की शराब, चार बोरी ढक्कन, दो बोरी नकली विभिन्न ब्रांड के रेपर, एक पैकिंग मशीन बरामद की है। पुलिस ने एक बाइक और स्कार्पियो जब्त कर ली। पुलिस ने लिखापढ़ी करने के बाद आरोपी को जेल भेजा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भागे हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।