वृंदावन (मथुरा)। आईटीआई द्वितीय सेमेस्टर इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिीकल की परीक्षा सोमवार को नगर के विभिन्न इंटर कॉलेज पर आयोजित की गई। इसमें हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज एवं नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज पर देरी से आने के कारण कई परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसको लेकर परीक्षा से वंचित छात्रों से केंद्र व्यवस्थापकों के विरुद्ध नारेबाजी कर रोष भी जताया।
शनिवार को हुई वृंदावन में इंजीनियरिंग ड्राइंग की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए छात्रों की घटना के बाद सोमवार सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर सख्ती दिखाई दी। जिसके चलते हजारीमल सोमानी एवं बालिका इंटर कॉलेज पर विभिन्न जिलों से परीक्षा देने आए कई परीक्षार्थियों के समय से न पहुंचने पर उन्हें प्रवेश से वंचित कर दिया गया।
देवेंद्र, वीरेंद्र, मनोज, विजय कुमार, लल्लूराम, अरुण विवेक, राजकिशोर, राजू, रामभरत, महेश, ओमप्रकाश, अभिषेक, जगदीश, गोविंद सहित कई छात्र परीक्षा न दे सके। छात्रों का कहना था कि मथुरा-वृंदावन में जाम की समस्या के चलते वह समय से परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच सके। दूर जिलों से आने वाले छात्रों के लिए अतिरिक्त समय निर्धारित किया जाना चाहिए था।