टूंडला। मिठाई विक्रेता के चार मंजिला मकान में स्थित मिठाई के गोदाम में गैस सिलेंडर और विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में जलकर एक हलवाई की मौत हो गई, वहीं पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को एफएच मेडीकल कालेज में भर्ती कराया है। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
सुभाष चौराहे पर वीरेन्द्र स्वीट्स कॉर्नर के नाम से दुकान है। दुकान के पीछे ही गली स्थत बिहारी मार्केट में उसका चार मंजिला मकान है। मकान की चौथी मंजिल पर मिठाई का गोदाम है। शुक्रवार शाम चार बजे छह हलवाई घेवर बना रहे थे। तभी एक सिलिंडर खाली हो गया। हलवाई सिलिंडर बदल रहा था तभी अचानक उसमें आग लग गई। इसके साथ ही विद्युत तारों के जलने एवं नीचे गिरने से गोदाम में करंट फैल गया। इससे पूरे मकान में करंट फैल गया।
आग लगते ही सभी हलवाई बचने के लिए भागने लगे। इस बीच पूरे गोदाम में आग फैल गयी। पांच हलवाई गैस सिलिंडर बंद करने के प्रयास में झुलस गए। वहीं कृष्ण मुरारी उर्फ शहरी (35) निवासी नगला छैंकुर थाना टूंडला करंट लगने पर वहीं गिर गया तथा आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। कृष्ण मुरारी की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने विद्युत सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया। सूचना पाकर मौके पर एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार, थाना पुलिस पहुंची।
आग में गिर्राज (40), सुखदेव (42) निवासी गढ़ी भक्ति, लाइनपार, टूंडला संतोष (22), राकेश (46), बंटी (24) निवासी गांव नगला छैंकुर झुलस गए। घायलों को एफएच मेडीकल कालेज व आगरा में भर्ती कराया है।