फिरोजाबाद। आरएसएस के नारखी ब्लाक के मुख्य प्रशिक्षक को थाना उत्तर के शिवाजी रोड पर मिले दो युवकों ने ठगी का शिकार बना लिया। मनोकामना पूर्ण होने वाला गंगाजल पिलाकर उसके हाथ से सोने की दो अंगूठी, एक जंजीर और दो हजार की नकदी पार कर दी। पीड़ित ने तहरीर दी है।
माधव तैनगुरिया(30) आरएसएस के नारखी क्षेत्र में मुख्य प्रशिक्षक हैं। वह थाना उत्तर क्षेत्र के मातावाला बाग स्थित नटराज डांस एकेडमी का संचालन करते हैं। सोमवार को वह घर से बाइक से जा रहे थे शिवाजी रोड पर रास्ते में मिले युवकों ने माधव की बाइक को रुकवा लिया। माधव का कहना है कि इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ ही अन्य के बारे में भी पूछताछ की।
उन्होंने बोतल में भरे पानी को गंगाजल बताते हुए कहा कि इसका सेवन करने से मनोकामना पूर्ण होगी। माधव ने गंगाजल का सेवन कर लिया। इसके बाद वो बेसुध हो गया। ठगों ने उसके हाथ से दो सोने की अंगूठी, गले से सोनी की जंजीर के साथ पर्स में रखी करीब दो हजार रुपया की नकदी ले ली। घटना के करीब एक घंटे के बाद उसको होश आया तो देखा कि उसका सामान गायब हो गया था। पीड़ित ने तहरीर दी।