मैनपुरी। जनपद की एक नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारी की तैनाती नहीं है। इसके चलते इन क्षेत्रों में विकास कार्य रुके हुए हैं। यही नहीं यहां आवश्यक कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। नालियों और नालों की सफाई व्यवस्था भी लटकी पड़ी है। पूूर्व में सफाई कार्य के लिए उठाए गए ठेकों के संचालक धनराशि न मिलने के कारण आगे के कार्य नहीं कर पा रहे हैं।
एक तरफ जहां शासन नगर क्षेत्रों में विकास के लिए रोज नए दावे कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ नर नगर पंचायत व नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी की तैनाती न होने के कारण विकास की सारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। जनपद में आठ नगर पंचायत तथा एक नगर पालिका है। जिसमें से मात्र दो नगर पंचायतों में ही अधिशासी अधिकारी की तैनाती है। भोगांव और करहल के अतिरिक्त एक भी नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी की तैनाती नहीं है।
खुद इन पंचायतों के चेयरमैन इस बात को लेकर कई पत्र लिख चुके हैं लेकिन नगर पंचायत अधिकारी की तैनाती के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। जिससे नगर की व्यवस्थाएं चौपट हो रही हैं। मैनपुरी नगर पालिका में पिछले एक महीने से अधिशासी अधिकारी की तैनाती नहीं है। जिसके कारण नालों की सफाई से लेकर सड़कों के निर्माण तक में दिक्कत है। विभिन्न स्थानों पर कार्य करा रहीं संस्थाओं के ठेकेदार ने प्रथम किस्तों का भुगतान न होने पर कार्य बंद कर दिया है।