मथुरा। कृष्णा नगर स्थित विशाल मेगामार्ट में बिक रहे बच्चों के कपड़े निर्धारित माप से छोटे पाए गए। बांट माप विभाग ने इसे घटतौली मानते हुए संचालक को नोटिस जारी करते हुए सामान को जब्त कर लिया। 12 से अधिक अन्य कपड़ों के उत्पाद भी मानक के विपरीत मिले।
मॉल कल्चर में घटतौली की शिकायतें लगातार गूंज रही थीं। विधिक माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक अनुराग सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को विशाल मेगामार्ट में चेकिंग करते हुए बच्चों के कपड़ों को जांचा परखा। बच्ची की फ्राक पर लगे स्टीकर पर लंबाई 72 सेंटीमीटर दर्ज थी। नापने पर वह मात्र 58 सेंटी मीटर मिली। इस प्रकार बच्चे के सेप्री सेट पर साइज 68 लिखा था नापने पर वह 56 सेंटीमीटर का पाया गया। इसी प्रकार विभिन्न कंपनियों के टावल अंकित माप से कम के मिले।
ब्रांडेड कंपनी के तकिये का साइज भी अंकित माप से कम मिला। दरवाजे और खिड़कियों के पर्दे भी अंकित माप से कम के मिले। कोल्ड ड्रिंक की बोतल पर फोंट साइज की हाइट मानक से कम मिली। महिलाओं के पर्स भी अंकित माप से छोटे मिले। वरिष्ठ बांट माप निरीक्षक अनुराग कुशवाह ने बताया कि मानकों के अनुरूप नहीं मिले सामान को जब्त कर लिया गया है। विशाल मेगामार्ट के संचालक को नोटिस दिया गया है।