मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने जिलाधिकारी मथुरा से जनपद अंतर्गत प्राधिकरण क्षेत्र में खरीदी गई जमीनों की सूची मांगी है। कहा है कि एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान संबंधित तहसीलों में प्राधिकरण द्वारा खरीदी गई जमीनों का संपूर्ण विवरण दिया जाए।
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के दौरान जमीनों की खरीद में बड़ा घोटाला सामने आने के बाद अब इसकी जांच पड़ताल मथुरा तक पहुंच गई है। जमीन संबंधी इस घोटाले में यह पहले ही स्पष्ट हो चुका है कि तत्कालीन अधिकारियों ने मथुरा में भी जमीन खरीद में घालमेल किया था। इसकी उच्च स्तरीय जांच प्रक्रिया के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने मथुरा डीएम को भेजे पत्र में जमीनों का विवरण मांगा है।
इसमें कहा है कि मथुरा की यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ी तहसीलों के अंतर्गत जमीन खरीद हुई है। यह जमीन प्राधिकरण द्वारा खरीदी गईं। उक्त सभी जमीनों की सूची संपूर्ण विवरण के साथ तीन दिन में उपलब्ध कराई जाए।
गौरतलब रहे कि मथुरा जनपद में मांट और महावन तहसील अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ है। इन दोनों ही तहसीलों में बड़ी संख्या में जमीन की खरीद हुई है। इसमें बाजाना, राया, बलदेव क्षेत्र शामिल है।