मथुरा। हाईवे केे मोहनपुर अडूकी में 17 जनवरी का अमरनाथ के आठ साल के बेटे की सिर में गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस पर गोली मारने का आरोप लगा था, इतना ही नहीं इलाज के लिए ले जाते वक्त थाना हाईवे के दरोगा और सिपाही माधव को सड़क पर फेंककर फरार हो गए थे। मामले में सीबीसीआईडी जांच से माधव के परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। टीम ने मोहनपुर अडूकी में जांच-पड़ताल की है।
रविवार को गांव पहुंची सीबीसीआईडी ने सिपाही की बाइक और एक दरोगा का कोट मोहनपुर अडूकी से बरामद किया। वहीं, एक बार फिर सीबीसीआईडी ने मोहनपुर अडूकी पहुंचकर माधव के परिजनों से पूछताछ की और घर के प्रत्येक सदस्य के बयान लिए। घटनास्थल पर पहुंचकर सीबीसीआईडी ने क्राइम सीन को तैयार किया।
करीब डेढ़ घंटे तक रही सीबीसीआईडी की टीम ने हर पहलू पर जांच पड़ताल की। टीम के इंस्पेक्टर सूर्यकांत द्विवेदी और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य थाने और मोहनपुर अडूकी से जुटाए हैं। थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि सीबीसीआईडी की टीम ने माधव हत्याकांड से संबंधित कागजात और एफआईआर मांगे थे, जो कि उन्हें उपलब्ध करा दी गई है। उधर, माधव के पिता अमरनाथ न्याय की गुहार लगा रहा है।