मैनपुरी। जिले में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत स्वयं का रोजगार खोलने के लिए 101 लोगों का चयन किया गया। इसमें 72 लोगों को लोन दिया गया। इस धनराशि के माध्यम से लोग अपना स्वयं का रोजगार खोल सकेंगे। केंद्र सरकार ने बेरोजगारी खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की शुरूआत की थी। इसके तहत जिला उद्योग केंद्र की ओर से बेरोजगार युवाओं को व्यापार खोलने के लिए लोन दिया जाता है।
जिले में वर्ष 2017-18 में लगभग 800 लोगों ने आवेदन किए। इसमें से 250 लोगों का चयन किया गया। सभी जांच पूरी करने के बाद 101 लोगों का लोन स्वीकृत किया गया। इसमें से अभी तक 72 लोगों को लोन दिया जा चुका है। इससे वह अपना रोजगार खोल सकें। वहीं बचे हुए लोगों को लोन देने के लिए प्रक्रिया चल रही है। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी को लक्ष्य से तीन गुना ज्यादा लोगों का चयन करना पड़ता है।