मथुरा। जातिगत आरक्षण के विरोध में राजपूत सभा के बंद को लेकर मथुरा में चौकसी बढ़ा दी गई है। बाजार, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पुलिस तैनात रहेगी। मजिस्ट्रेट भी लगा दिए गए हैं। वहीं बंद का एलान करने वालों ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। राजपूत सभा ने सभी से बंद में सहयोग की अपील की है। होलीगेट पर धरना भी दिया जाएगा।
ब्रज मंडल क्षत्रिय राजपूत सभा ने जातिगत आरक्षण मुक्त भारत संकल्प हमारा की बात करते हुए मंगलवार को भारत बंद, मथुरा बंद का एलान किया है। इस एलान के साथ ही प्रशासन और पुलिस के अफसर सतर्क हो गए हैं। सोमवार को एडीएम, एसपी सिटी के साथ पुलिस प्रशासन के अफसर मुकेश सिंह सिकरवार के आवास पहुंचे और उन्हें शहर में निषेधाज्ञा लागू होने की बात बताई। इस पर सभा के जिलाध्यक्ष ने दो टूक कह दिया कि यह आयोजन सभी समाज का है संगठन अपना कार्य करेगा और पुलिस प्रशासन अपना कार्य करे।
जिलाध्यक्ष ने बताया मंगलवार को बाजार बंद कराया जाएगा। इसके लिए प्रात: आठ बजे सभी सवर्ण जाति के संगठनों, व्यापारियों के संगठनों से अपील की गई है कि वो कृष्णा प्लाजा कृष्णानगर मांट वाली बगीची के पास एकत्रित हों। इधर, क्षत्रिय महासभा के मंडल अध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में होलीगेट पर धरना-प्रदर्शन कर आरक्षण को समाप्त करने की मांग करने की बात कही गई है।