एटा। जिले में दो अप्रैल से शुरू हुई गेहूं की खरीद में किसानों ने रुचि दिखाना शुरू कर दिया है। आलम यह है कि तीन दिन में जिले के पांच केंद्रों पर 19 किसानों से गेहूं की बिक्री की है। अब तक विपणन विभाग 62एमटी गेहूं खरीद चुका है।
जिले में दो अप्रैल से शासन के निर्देश पर गेहूं की खरीद शुरू की गई है। इसके लिए प्रशासन ने 93 केंद्र बनाए हैं। इनमेें खाद्य विभाग, पीसीएफ और एफसीआई के केंद्र शामिल हैं। जबकि विभाग को 15 जून तक 65 हजार एमटी गेहूं की खरीद करनी है। दो अप्रैल को खरीद केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं तीन और चार अप्रैल से किसानों ने केंद्रों की ओर रुख करना शुरू कर दिया। आलम यह है कि अब तक 19 किसान अपनी 62 एमटी गेहूं की बिक्री कर चुके हैं। अच्छे समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति कुंतल मिलने से किसान केंद्रों की ओर रुख कर रहे हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा ने बताया कि किसानों का रुझान केंद्रों की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में खरीद बढ़ेगी। इस बार विभाग लक्ष्य को पूरा करने में जुटा है। किसानों को केंद्र पर कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
बिचौलियों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने किसानों से बिचौलियों और दलालों से दूर रहने की अपील की है। विपणन अधिकारी ने बताया कि किसान किसी भी दलाल की बातों में न आएं। क्रय केंद्र पर गेहूं का पूरा दाम मिलेगा।
इस बार 110 रुपये बढ़ा समर्थन मूल्य
सरकार ने गेहूं की बंपर खरीद के लिए समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की है। पिछले साल 16525 रुपये कुंतल की दर से गेहूं खरीदा गया था। इस बार 1725 रुपये की दर से खरीद हो रही है।